चार साल से बिना सूचना गायब सहायक ग्रेड-03 बर्खास्त
रायपुर- लंबे समय से बिना अनुमति और बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षा विभाग के कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने सहायक ग्रेड-03 सूरज कुमार भगत की सेवा समाप्त कर दी है. विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया.
जानकारी के अनुसार शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़, विकासखंड उदयपुर में पदस्थ सूरज कुमार भगत 17 मार्च 2021 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे. उनकी अनुपस्थिति को लेकर विभाग द्वारा समय-समय पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए. साथ ही समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन उन्होंने निर्धारित अवधि में कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई. जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बिना स्वीकृति के अनुपस्थित रहे और अपनी अनुपस्थिति के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके. जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत भगत की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया गया.
