3000 मतदाता चुनेंगे नया नेतृत्व, उसी दिन शाम को आएंगे चुनावी नतीजे
राजनांदगांव- जिला साहू संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव का बिगुल बज चुका है. अध्यक्ष सहित पांच महत्वपूर्ण पदों के लिए कुल 21 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. समाज के लगभग 3000 मतदाता 14 जून को अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए नेतृत्व का चयन करेंगे. चुनाव को लेकर जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक उत्साह का माहौल है और समाज की निगाहें अब मतदान दिवस पर टिक गई हैं.
जिला साहू संघ के आगामी चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को साहू सदन में नामांकन कार्यवाही के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गई. नामांकन पत्रों के वितरण, जमा करने, जांच तथा वैध-अवैध नामांकन की घोषणा के बाद समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. समिति ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के चयन का प्रयास किया, लेकिन विभिन्न पदों के लिए दावेदारों और उनके समर्थकों के उत्साह को देखते हुए सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद चुनाव कराने का निर्णय लिया गया. चुनावी प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए कमल किशोर साहू, नोबल साहू, शेखर साहू, टोमन साहू और विवेक साहू मैदान में हैं. अध्यक्ष पद के दो अन्य दावेदार नीरा साहू एवं कुलेश्वर साहू ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की गई. महिला उपाध्यक्ष पद के लिए अंजू साहू, इंदूमति साहू, जमूना देवी साहू, राजेश्वरी साहू एवं शैलेंद्री साहू के बीच मुकाबला होगा. वहीं पुरुष उपाध्यक्ष पद पर बिसनाथ साहू, देवेंद्र कुमार साहू, जीवन लाल साहू एवं ओमप्रकाश साहू अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. महिला संगठन सचिव पद के लिए अनिता साहू, गीता साहू, इंदू साहू एवं प्रमिला साहू चुनाव मैदान में हैं.
पुरुष संगठन सचिव पद पर देवानंद साहू, टहलूराम साहू तथा लवींद्र साहू के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. सभी पदों पर बहुकोणीय मुकाबले के कारण चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ रही है. छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के कोषाध्यक्ष एवं चुनाव पर्यवेक्षक गोपाल साहू ने बताया कि पांचों पदों के लिए मतदान 14 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद शाम 4:00 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी और परिणामों की घोषणा तत्काल की जाएगी. छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि समाज में चुनाव को लेकर व्यापक उत्साह है. सभी प्रत्याशी स्वस्थ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं, जो समाज की एकता और जागरूकता का परिचायक है. नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश साहू संघ के पर्यवेक्षक गोपाल साहू, रूपेश साहू, श्रीमती चंद्रवती साहू, निवर्तमान जिला अध्यक्ष भागवत साहू, नगर एवं तहसील अध्यक्षों सहित जिलेभर के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे. जिला साहू संघ चुनाव का शंखनाद होने के साथ ही समाज में चुनावी चर्चा तेज हो गई है. विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर संपर्क और जनसमर्थन जुटाने में सक्रिय हो गए हैं. ऐसे में 14 जून को होने वाला मतदान न केवल नए नेतृत्व का फैसला करेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में समाज की दिशा और दशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. प्रदेशभर के साहू समाज की निगाहें अब राजनांदगांव में होने वाले इस प्रतिष्ठित चुनाव पर टिकी हुई हैं.
