दो महिलाओं की शिकायत के बाद गाजियाबाद का युवक पुलिस हिरासत में
रायगढ़- शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने गाजियाबाद निवासी युवक को हिरासत में लिया है. आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा महिला पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान “अभियान संवेदना” चलाए जा रहे है.
जानकारी के अनुसार, खरसिया क्षेत्र की एक 45 वर्षीय महिला ने 5 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की थी. महिला ने बताया था कि उसने हाल ही में गाजियाबाद निवासी सलीम से जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण उसके बेटे नाराज हैं और उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं. इस आवेदन की जांच की जा रही थी.
इसी मामले में नया मोड़ तब आया जब खरसिया की एक 28 वर्षीय युवती पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सलीम के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई. युवती ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान सलीम से उसकी पहचान हुई थी. सलीम ने उससे शादी का वादा कर संबंध बनाए और उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी लेकर गया. युवती का कहना है कि आरोपी लगातार विवाह का भरोसा देता रहा.
शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि सलीम एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है. इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने दूसरी महिला से मंदिर में विवाह कर लिया है. इसके बाद युवती ने अपने साथ हुए कथित शारीरिक शोषण की शिकायत पुलिस से की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस को सौंप दिया है.
