7.88 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ, 14 लाख से अधिक अफीम के पौधे खाक, दुर्ग पुलिस ने आम जनता से की यह खास अपील
दुर्ग- थाना पुलगांव के अंतर्गत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों में जब्त किए गए लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के भारी मात्रा में मादक पदार्थों का पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण (डिस्पोजल) किया गया है. जब्त किए गए नशीले पदार्थों में बड़ी मात्रा में अफीम, अफीम डोडा और अफीम के पौधे शामिल थे, जिन्हें सुरक्षित तरीके से पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है.
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की भट्टी में हुआ नष्टीकरण
यह पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय और सुरक्षित तरीके से संपन्न की गई. उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति (High-Level Drug Disposal Committee) द्वारा तय किए गए कड़े नियमों का पालन करते हुए इस नष्टीकरण को अंजाम दिया गया. इसके लिए दुर्ग पुलिस ने पर्यावरण विभाग (Environment Department) समेत अन्य सभी संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र और अनुमति प्राप्त की थी. इसके बाद भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की विशेष यूनिट में इन मादक पदार्थों को नष्ट किया गया.
नष्ट की गई सामग्रियों का विवरण
मादक पदार्थ: भारी मात्रा में जब्त अफीम और अफीम डोडा.
कुल पौधे: लगभग 14,30,100 नग अफ़ीम के पौधे (जिसमें सुरक्षित तरीके से जब्त किए गए जड़, तना, पत्ती और फल शामिल थे).
अनुमानित बाजार मूल्य: लगभग ₹7.88 करोड़.
दुर्ग पुलिस की आम जनता से अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, विक्रय एवं सेवन संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में नागरिकों का सहयोग कानून व्यवस्था एवं समाज की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है.
