एक अन्य फरार आरोपी के तलाश जारी
रायगढ़- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में फरार चल रहे आरोपी एवं वारंटी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) निवासी कुसमुंडा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है.
ज्ञात हो कि आरोपी अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल नौ आरोपियों के समूह में शामिल था, जिन्होंने पांच ट्रेलर वाहनों में लूटपाट कर वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया था. घटना के 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी एवं एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे. फरारी के दौरान आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जिस पर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था.
थाना तमनार पुलिस द्वारा पूर्व में भी आरोपी की तलाश में दो बार उसके निवास स्थान पर दबिश दी गई थी, किंतु वह पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा.
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था. मुखबिर से आरोपी के गांव आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है. आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया.
