ओवरटेक की बात पर भड़के युवक, बाइक रोककर चाकू से किया जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव- ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक धारदार चाकू तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार,1 जून 2026 को प्रार्थी रामलाल चंद्रवंशी, निवासी वार्ड क्रमांक 03, टिकरापारा, डोंगरगढ़ द्वारा थाना बोरतलाव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका भतीजा ओमप्रकाश चंद्रवंशी अपने साथियों युवराज चंद्रवंशी, धनसाय नेताम, रामप्रसाद नेताम एवं मुरली मनोहर चंद्रवंशी के साथ 31 मई 2026 को ग्राम दर्रेकसा (महाराष्ट्र) में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था.
कार्यक्रम उपरांत सभी लोग रात्रि लगभग 09:00 बजे तीन मोटरसाइकिलों से अपने ग्राम कोटनापानी वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ग्राम बोरतलाव फॉरेस्ट बैरियर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ओमप्रकाश चंद्रवंशी एवं रामप्रसाद नेताम की मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए ओवरटेक करने की बात पर गाली-गलौज की गई तथा उन्हें वाहन रोकने के लिए कहा गया. जब उन्होंने वाहन नहीं रोका, तब दोनों अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा करते हुए थाना बोरतलाव के आगे लाल कटिंग रोड स्थित सब्जी फार्म हाउस के पास मोटरसाइकिल रुकवाई और रात्रि लगभग 09:50 बजे ओमप्रकाश चंद्रवंशी पर धारदार हथियार से हमला कर उसके पेट के बाएं हिस्से में गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह बेहोश हो गया.
रिपोर्ट पर थाना बोरतलाव में अपराध क्रमांक 40/2026, धारा 296, 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई. विवेचना के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम बागरेकसा में दबिश देकर आरोपीगण निरज कुमार परते और करन कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया.
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल HF डिलक्स क्रमांक CG 08 AG 1209, एक धारदार चाकू तथा दो मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं. आरोपीगण को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
(1) निरज कुमार परते पिता स्व. पन्नालाल परते, उम्र 21 वर्ष
(2) करन कुमार चंद्रवंशी पिता स्व. अशोक कुमार, निवासी ग्राम छिन्दीजोब, थाना बोरतलाव.
