भिलाई में CGPSC के पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव के घर CBI की दबिश, छानबीन जारी
दुर्ग- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के बहुचर्चित भर्ती घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने आज कार्रवाई की है. सीबीआई की दो अलग-अलग टीमों ने अलसुबह आयोग के पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव के भिलाई सेक्टर-10 स्थित निवास पर दबिश दी.
अलसुबह शुरू हुई कार्रवाई, खंगाले जा रहे दस्तावेज
जानकारी के अनुसार, सीबीआई के अधिकारियों ने आज तड़के ही जीवन किशोर ध्रुव के घर को अपने घेरे में ले लिया. टीम के सदस्य घर के भीतर परिवार के लोगों से गहन पूछताछ कर रहे हैं. इसके साथ ही, भर्ती घोटाले से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों और बेनामी संपत्तियों के सुराग तलाशने के लिए घर में मौजूद फाइलों और डिजिटल दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला जा रहा है.
यह मामला वर्ष 2020 से 2022 के बीच सामने आया था, जब सीजीपीएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कार प्रक्रियाओं में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं. अधिकारियों ने कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों और परिचितों को फायदा पहुंचाने के लिए योग्य उम्मीदवारों की अनदेखी की.
परिणामस्वरूप, डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी जैसे प्रतिष्ठित पदों पर चयनित होने वाले कई नाम सवालों के घेरे में आ गए. इस प्रक्रिया ने न केवल भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, बल्कि राज्य की प्रशासनिक पारदर्शिता को भी चुनौती दी. सरकार बदलने के बाद इस दिशा में जुलाई 2023 में कार्रवाई शुरू हुईं, जब छत्तीसगढ़ सरकार ने 2020-22 की परीक्षाओं में पक्षपात के आरोपों की जांच सीबीआई को सौंप दी.
