क्रेटा कार के गुप्त चेंबर में छिपाकर ला रहे थे 14.5 किलो गांजा, पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
दुर्ग- दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14.5 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 7.25 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद हुआ.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक क्रेटा कार महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में पहुंचने वाली है. सूचना के आधार पर कुम्हारी थाना पुलिस और ACCU की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका.
जांच के दौरान कार से गांजे की तेज गंध आने पर पुलिस का संदेह बढ़ गया. गाड़ी की बारीकी से तलाशी लेने पर दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबरों से गांजे के पैकेट बरामद हुए. तस्करों ने गांजे को बड़ी चतुराई से छिपाया था, लेकिन उसकी गंध ने पूरा भंडाफोड़ कर दिया. मौके से मुख्य आरोपी तीरथा ठेला को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के खरीदार किशन जगत का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कंधमाल क्षेत्र से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाते थे. दोनों आरोपियों के खिलाफ कुम्हारी थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
