IPL फाइनल पर सट्टा लगाते गिरोह का पर्दाफाश: 2 गिरफ्तार, 31.99 लाख नगद और नोट गिनने की मशीन जब्त
रायगढ़- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आईपीएल फाइनल मुकाबले GT Vs RCB पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से क्रिकेट सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और सट्टे की रकम से जुड़े 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए हैं. मामले में सिंडिकेट से जुड़े 3 अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है.
रेड कार्रवाई के दौरान गंज बाजार क्षेत्र में पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया तथा कई लोकल व्यकितयों द्वारा नकदी सट्टा रकम लगाने की बात बताये . आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी. आरोपियों ने बताया कि साहिल अग्रवाल सट्टे की रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था. आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड एवं एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया गया, जिनमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी एवं तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए.
आरोपी- गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है. फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय एवं अर्जुन राठौर की तलाश जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
1 गगन अग्रवाल पिता स्वर्गीय अनूप कुमार अग्रवाल उम्र 28 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया
2 शुभम अग्रवाल उर्फ कालू पिता राजकुमार अग्रवाल उम्र 30 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया
जप्त- नकदी 31 लाख 99 हजार 700 रुपये, मोबाइल, नोट गिनने की मशीन
