भोजन के बाद पत्तल फेंकने की बात पर हुए विवाद ने लिया खूनी मोड़, कोटवार और उसके बेटे सहित तीन गिरफ्तार
रायगढ़- तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में हुए हत्या के मामले का तमनार पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है. गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम का कोटवार हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं चाकू भी बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 की रात्रि थाना तमनार में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई में सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पृथक-पृथक पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था. भोजन के बाद उपयोग किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. इसी दौरान हरिराम चौहान, आकाश चौहान और नाबालिग ने लाठी-डंडे एवं चाकू से हमला कर दामोदर राठिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई.
पुलिस ने आरोपी हरिराम चौहान (60 वर्ष), आकाश चौहान (22 वर्ष) तथा विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं चाकू बरामद किया. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
