जनपद पंचायत CEO रुपेश कुमार पाण्डेय तत्काल प्रभाव से निलंबित, महेंद्र जांगड़े को अतिरिक्त प्रभार
दुर्ग- दुर्ग संभाग आयुक्त कार्यालय द्वारा शासकीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही और आम जनता के साथ अशोभनीय व्यवहार करने के मामले में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रुपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, शासन द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के तहत ग्राम थनौद में एक जन समस्या निवारण शिविर लगाया गया था. इस शिविर के दौरान जनपद CEO रुपेश कुमार पाण्डेय द्वारा आम जनता के साथ अत्यंत अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो क्लिप भी सामने आया था. महेंद्र कुमार जांगड़े (प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग) को अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जनपद पंचायत दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

भाजपा नेता और जनपद CEO के बीच तीखी बहस
सुशासन तिहार में भाजपा के दुर्ग ग्रामीण मंडल महामंत्री पुराण देशमुख और जनपद सीईओ रूपेश पांडे के बीच बहस शुरू हुई. देखते ही देखते तीखी बहस होने लगी. इस दौरान जनपद सीईओ ने भाजपा कार्यकर्ता को उंगली दिखाते हुए कहा कि, “तेरे को जो करना है कर ले”. हैरानी की बात रही कि पूरा घटनाक्रम विवाद दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के सामने हुआ. मामले में जनपद सीईओ को नोटिस जारी किया गया था. श्री पाण्डेय द्वारा प्रस्तुत किया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत मानते हुए निलंबन की यह कार्रवाई की गई है. निलंबन की अवधि में रुपेश कुमार पाण्डेय को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.
