पतंजलि मेगा स्टोर्स में चोरी का खुलासा : दुकान के पीछे से घुसकर गल्ले से उड़ाए थे पैसे, शातिर चोर हरिया गिरफ्तार
राजनांदगांव – सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पतंजलि मेगा स्टोर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई नकदी रकम भी बरामद कर ली है.
जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि बग्गा होटल के बाजू में, जी.ई. रोड किनारे स्थित उनके पतंजलि मेगा स्टोर्स (आकाश सेल) में चोरी हो गई है. 30 मई की सुबह करीब 07:30 से 08:00 बजे के बीच एक अज्ञात चोर दुकान के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुआ. चोर ने दुकान के गल्ले (कैश काउंटर) में रखे लगभग 60,000 से 65,000 रुपये पार कर दिए और उसी रास्ते से भाग निकला. प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) व नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राजनांदगांव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला. फुटेज से मिले महत्वपूर्ण सुरागों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने टांकापारा क्षेत्र में दबिश दी और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया.
पुलिस ने जब हिरासत में लिए गए युवक से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पतंजलि स्टोर्स में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से 12,887 रुपये नगद बरामद कर जब्त किए.
गिरफ्तार आरोपी
आदित्य उर्फ हरिया रजक (उम्र 20 वर्ष), निवासी टांकापारा (वार्ड नंबर 14), राजनांदगांव, थाना कोतवाली
