चोरी की मोटरसाइकिल पर जाली नंबर लगाकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार, भाई फरार
राजनांदगांव – थाना लालबाग क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार की है. आरोपी वाहन की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी के साथ-साथ अपराध के साक्ष्य छिपाने और वाहन की पहचान बदलने की कड़ी धाराएं भी जोड़ी हैं. मामले का एक अन्य सह-आरोपी (आरोपी का भाई) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को ग्राम बनभेड़ी के पास से उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 BB 0294) को किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था. पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर नया शराब भट्ठी क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना मिलते ही लालबाग पुलिस टीम ने तुरंत एक्टिव होकर इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को धरदबोचा. पूछताछ में आरोपी ने अपना लोकेश वैष्णव (उम्र 27 वर्ष) निवासी बजरंग चौक, वार्ड नं. 07, शंकरपुर, जिला राजनांदगांव बताया.
कड़ाई से की गई पुलिस पूछताछ में आरोपी लोकेश वैष्णव ने कबूल किया कि उसने अपने भाई मिथुन वैष्णव के साथ मिलकर इस मोटरसाइकिल की चोरी की थी. जब पुलिस ने बरामद होंडा शाइन बाइक की जांच की, तो उसके असली नंबर के स्थान पर CG 08 SN 4787 की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई पाई गई. आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पुलिस की कार्रवाई से बचने और चोरी की गाड़ी की पहचान छिपाने के उद्देश्य से यह जाली नंबर प्लेट लगाई थी.
चोरी के साथ अब साक्ष्य मिटाने का भी केस पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है. इस मामले में आरोपी के खिलाफ मूल अपराध के अलावा अपराध के साक्ष्य छिपाने और वाहन की पहचान बदलने से जुड़ी कड़ी धाराएं 336(3), 238 एवं 3(5) BNS भी जोड़ी गई हैं.
गिरफ्तार आरोपी लोकेश वैष्णव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि इस चोरी में शामिल आरोपी का भाई और सह-आरोपी मिथुन वैष्णव फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
