घरेलू बाई ही निकली चोर: पति और जीजा के साथ मिलकर उड़ाए 12 लाख के गहने, तीनों गिरफ्तार
दुर्ग- जिले के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत आशीष नगर रिसाली में एक घरेलू नौकरानी द्वारा अपने ही मालिक के घर में लाखों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घर में दो दिन के लिए रखी गई बाई ने अपने पति और जीजा के साथ मिलकर अलमारी से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 12 लाख 22 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने घर के कामकाज के लिए मालती ध्रुव नाम की महिला को काम पर रखा था. काम खत्म होने के बाद जब 26 मई की सुबह उन्होंने अलमारी खोलकर देखी, तो पर्स में रखे सोने का हार, मांगटीका, नाक की नथ, हाथ के कड़े, मंगलसूत्र और कान के 3 जोड़ी टॉप्स गायब थे. पीड़ित ने इसकी रिपोर्ट 27 मई को नेवई थाने में दर्ज कराई.
संदेह के आधार पर पुलिस ने जब काम करने वाली बाई मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी महिला ने बताया कि उसने 19 मई को चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था और चुराए गए गहनों को अपने पति और जीजा की मदद से मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन ले लिया था.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुथूट फाइनेंस की लोन रसीदें, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्कूटी, तीन मोबाइल फोन और 1 लाख रुपये नगद सहित कुल 12 लाख 22 हजार रुपये का मसरूका जब्त किया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
