IPL 2026: हैदराबाद को 47 रनों से हराकर RR क्वालीफायर-2 में, फाइनल के टिकट के लिए कल GT से भिड़ंत
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 29 मई (शुक्रवार) को होने वाले क्वालीफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम 31 मई को अहमदाबाद में होने वाले महामुकाबले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. राजस्थान के लिए 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सोर्यवंशी ने महज 29 गेंदों में 5 चौकों और 12 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 97 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. वैभन ने आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के (65 छक्के) लगाने का क्रिस गेल (59) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. 244 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दबाव में बिखर गई और 19.2 ओवरों में 196 रनों पर ऑलआउट हो गई.
राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पावरप्ले में ही हैदराबाद के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बड़े विकेट चटकाते हुए 3 विकेट (3/58) अपने नाम किए. इसके अलावा नांद्रे बर्गर ने भी 2 विकेट चटकाकर उनका अच्छा साथ दिया. हैदराबाद के इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.
आगे का शेड्यूल
29 मई, शुक्रवार- क्वालीफायर 2: गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स- न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, चंडीगढ़
31 मई, रविवार फाइनल: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम क्वालीफायर-2 की विजेता- नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
