गौरी नगर गोंडवाना भवन में आदिवासी महापुरुषों की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण
राजनांदगांव- गौरी नगर स्थित गोंडवाना सामुदायिक भवन राजनांदगांव में रविवार, 24 मई को एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर गोंडवाना गोंड समाज द्वारा आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को सहेजने के उद्देश्य से समाज के महापुरुषों एवं आराध्य देवी-देवता भगवान बिरसा मुण्डा, शहीद गुण्डाधुर, वीर नारायण सिंह, पहंदीपारी कुपार लिंगो, जंगो जैतार माता आदि विभूतियों के प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया गया.
गोंडवाना गोंड़ महासभा महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला नेताम के नेतृत्व में गोण्डवाना सामुदायिक भवन गौरी नगर में समाज के इन आराध्य देवी-देवताओं एवं महापुरूषों के मूर्ति की स्थापना होने से समूचे परिसर में आदिवासी महापुरूषों की जीवंत झांकी चित्रित हो रहा है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आर सिंह नेताम ने गोंड़ समाज राजनांदगांव द्वारा मूर्ति स्थापना के कार्यों की सराहना करते हुए सामाजिक जनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. प्रांताध्यक्ष अकबर राम कोर्राम ने समाज के समसामयिक परिस्थिति पर सारगर्भित विचार व्यक्त किया. गोण्डवाना गोंड़ महासभा महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला नेताम ने आदिवासी समाज के इन सभी विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के संबंध में रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारियां दी. गोण्डवाना समाज के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय संरक्षक चंद्रेश ठाकुर ने आदिवासी समाज के गौरवशाली विरासत एवं इतिहास के संबंध में सारगर्भित एवं प्रेरणास्पद जानकारियां दी. श्री ठाकुर ने समाज के विकास के लिए संगठन, शिक्षा, आपसी सद्भाव एवं सहयोग, मद्य निषेध, व्यापार, व्यवसाय में भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए इस दिशा में प्रमुखता से कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि भले हम सभी एक समय खाना मत खाएं लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाएं. श्री ठाकुर ने नशापान को समाज के विनाश का जड़ बताते हुए स्वजातीय जनों से इस बुराई से सर्वथा दूर रहने की अपील की. समारोह को संतोष नेताम, विनोद नागवंशी आदि समाज प्रमुखों ने भी संबोधित करते हुए रोचक एवं ज्ञानवर्धक ढंग से समाज के समसामयिक विषयों पर प्रकाश डाला.
गरिमामय रही समाज प्रमुखों की उपस्थिति
इस भव्य समारोह में गोंडवाना गोंड़ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर सिंह नेताम, कार्यकारी अध्यक्ष भूवन सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष अकबर राम कोर्राम, विनोद नागवंशी, बीएस रावटे, जीवराखन मरई, गोंडवाना समाज के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय संरक्षक चंद्रेश ठाकुर, चंद्रकला तारम, सुमन नेताम, उर्मिला मार्को, अनिता नेताम, संतोष कुंजाम एवं राहुल नेताम सहित बड़ी संख्या में समाज प्रमुखों महिला एवं युवा प्रभाग के सदस्यों के अलाव गोंडवाना समाज के लोग उपस्थित थे.
