दो प्रधान आरक्षक निलंबित
राजनंदगांव- जिले में अनुशासनहीनता और ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है. सोमनी थाने में पदस्थ दो प्रधान आरक्षकों को थाना परिसर के भीतर शराब का सेवन करते पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 की रात्रि करीब 10 बजे सोमनी थाना परिसर में स्थित बैरक में दो प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत एवं भूपेंद्र कौचे शराब का सेवन कर रहे थे. थाना परिसर के भीतर इस तरह की अनुशासनहीनता की बात सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया.
निलंबन और रक्षित केंद्र संबद्ध पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत दोनों प्रधान आरक्षकों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों को रक्षित केंद्र (लाइन) राजनंदगांव संबद्ध किया गया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन की इस अवधि के दौरान दोनों प्रधान आरक्षक बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे. नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी.
नगर पुलिस अधीक्षक राजनंदगांव मंजूलता बाज को इस प्रकरण में प्राथमिक जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे मामले की जांच कर आगामी 07 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें.

