क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, वाहन सहित रकम जप्त
बालोद- जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसते हुए थाना पुरूर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक सफेद रंग की क्रेटा कार से भारी मात्रा में नगद राशि 65,00,000 रुपये (पैंसठ लाख रुपये) बरामद कर वाहन सहित जप्त कर लिया है. इस बड़ी कार्रवाई से जिले के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं सतत निगरानी के चलते की गई. पुलिस महानिरीक्षक (दुर्ग रेंज) अभिषेक शांडिल्य के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक (बालोद) योगेश कुमार पटेल, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. इसका नेतृत्व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (गुरूर) माया शर्मा तथा थाना प्रभारी (पुरूर) उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू ने किया.
मुखबिर की सूचना पर मरकाटोला घाट में घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को पुरूर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कांकेर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक: CG-24-T-9998) में भारी मात्रा में कैश ले जाया जा रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल अलर्ट मोड पर आई. एनएच-30 मार्ग स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में तत्काल एमसीपी (मल्टीपल चेकिंग पॉइंट) लगाकर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की गई. कुछ ही देर में संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर जब जांच की गई, तो उसमें दो व्यक्ति सवार मिले.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
अमित जैन (उम्र 42 वर्ष) – निवासी: बालोद
लच्छू ठाकुर (उम्र 38 वर्ष) – निवासी: ग्राम तरौद, जिला बालोद
मैजिस्ट्रेट और बैंक कर्मियों के सामने हुई गिनती, नहीं मिले दस्तावेज
वाहन की विधिवत तलाशी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों एवं गवाहों की मौजूदगी में ली गई. सघन तलाशी के दौरान कार के भीतर से कुल 65 लाख रुपये नगद बरामद हुए.
संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए आरोपी: पुलिस द्वारा बरामद नगदी के संबंध में जब वैध दस्तावेज (Valid Documents) मांगे गए, तो कार में सवार दोनों व्यक्ति कोई भी पुख्ता सबूत या कागजात पेश नहीं कर सके. प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है. इसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए नगद राशि और क्रेटा कार को जप्त कर लिया.
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पुरूर पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. विशेष रूप से —थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धमेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू, संदीप यादव सहित और उनकी टीम की सजगता के कारण ही इतनी बड़ी मात्रा में अवैध कैश पकड़ा जा सका है.
