गजेन्द्र रावटे और ममता भैंसवारे बने उपाध्यक्ष
बालोद- सेवानिवृत्त आईएएस और समाज सेवक गोविंद राम चुरेन्द्र (जी.आर. चुरेन्द्र) को अखिल भारतीय हल्बा, हल्बी आदिवासी समाज के केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. जिला मुख्यालय बालोद के पास ग्राम पाकुरभाट स्थित चुरगियां मांगलिक भवन में 17 मई 2026 को आयोजित एक विशाल सामाजिक सम्मेलन और निर्वाचन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह शानदार जीत हासिल की.
प्रचंड मतों से दर्ज की जीत
इस राष्ट्रीय निर्वाचन में जी.आर. चुरेन्द्र को समाज के सदस्यों का एकतरफा और भारी समर्थन मिला. उन्हें कुल 150 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके एकमात्र प्रतिद्वंदी टेकराम भण्डारी को केवल 12 मतों से ही संतोष करना पड़ा. सामाजिक जनों का कहना है कि श्री चुरेन्द्र को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनकी कार्यकुशलता, अत्यंत नम्र, मधुर और संवेदनशील व्यवहार के कारण सर्वसम्मति से सौंपी गई है.
संघर्ष से शिखर तक का सफर
डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम गुजरा के एक बेहद साधारण और गरीब परिवार में जन्मे जी.आर. चुरेन्द्र ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बदौलत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) जैसे उच्च पद को सुशोभित किया. वे छत्तीसगढ़ राज्य में अपनी प्रशासनिक सेवाओं के दौरान बेहद लोकप्रिय और कर्मठ अधिकारी रहे हैं. उन्होंने राज्य में एसडीएम, अपर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, कलेक्टर और इसके बाद रायपुर, दुर्ग, बस्तर व सरगुजा संभाग के कमिश्नर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं.

नई कार्यकारिणी का भी हुआ गठन
अध्यक्ष पद के साथ-साथ अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए भी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारी चुने गए:
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: गजेन्द्र रावटे (शिक्षक, डौण्डी) एवं ममता भैंसवारे
केन्द्रीय महासचिव: प्रेमलाल साहरा (संयुक्त संचालक, कोष लेखा)
सचिव: विजय नाग
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष: आर.आर. चुरेन्द्र (सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर)
केन्द्रीय अंकेक्षक: नेमीचंद देव
कार्यकारिणी के शेष मनोनीत पदों पर समाज के अन्य योग्य प्रतिनिधियों का मनोनयन भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा.
इस महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्यक्रम के अवसर पर राष्ट्रीय महासभा की सलाहकार व डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिला भेड़िया, समाज के संरक्षक व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जी.आर राना, केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पी. आर. नाइक, वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मंतूराम पवार, केन्द्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के निवर्तमान अध्यक्ष पूर्व आईपीएस आर.एस. नायक, क्षेत्रीय महासभा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष महेन्द्र कोठेवार, छत्तीसगढ़ महासभा बड़ेडोंगर के अध्यक्ष लतेल राम नाइक, छत्तीसगढ़ महासभा बड़ेडोंगर के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार चनाप सहित केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के महासचिव झुमुक रावटे, सेवानिवृत्त आईपीएस एवं जिला मोहला मानपुर के कर्मचारी प्रकोष्ठ के संरक्षक जेआर ठाकुर, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे.
आपको बता दें कि इस राष्ट्रीय संगठन के अंतर्गत छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, असम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे विभिन्न राज्यों में निवास करने वाले हल्बा, हल्बी जनजाति के सदस्य शामिल हैं. ये सदस्य भारत सरकार, राज्य सरकारों, अर्धशासकीय और निजी संस्थाओं में ऊंचे पदों पर कार्यरत हैं, और यह संगठन अपने सदस्यों के कल्याण तथा सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता है.
