May 15, 2026

Blog


दुकानों की छत काटकर गल्ले से साफ करते थे लाखों की नगदी

राजनांदगांव पुलिस ने शहर में हुई चार बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए राजस्थान के एक अंतरराज्यीय शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है. साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को राजस्थान के बांसवाड़ा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

छत्तीसगढ़ शासन की अपराध मुक्त नीति के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी. आरोपियों द्वारा दुकानों की छत के रास्ते अंदर घुसकर नगदी और कीमती सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम दिया जाता था.

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में चार अलग-अलग चोरी के मामलों में अपराध क्रमांक 456/25, 478/25, 532/25 एवं 537/25 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी.

चोरी की प्रमुख घटनाएं

महावीर चौक स्थित नंदलाल हार्डवेयर में 3-4 सितंबर 2025 की रात गल्ले से 60 हजार रुपये नगद चोरी.

मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर में 17-18 सितंबर 2025 की रात 7 लाख रुपये नगद चोरी.

नरेश वॉच दुकान से 2.50 लाख रुपये नगद एवं 12-13 कीमती घड़ियां चोरी.

हमालपारा स्थित संगम साड़ी दुकान से 3 लाख रुपये नगद और एक सोने की चैन सहित लगभग 4 लाख रुपये की चोरी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित की गई. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक शातिर गिरोह की संलिप्तता सामने आई.

राजनांदगांव पुलिस टीम ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा (36 वर्ष), निवासी गणेशीलाल का पाड़ला, थाना भुंगड़ा, जिला बांसवाड़ा को केंद्रीय जेल बांसवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया.

पुलिस मामले में आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है. वहीं फरार आरोपी हरिश उर्फ हरिया चरपोटा, परमेश उर्फ फंटु चरपोटा और सुनील चरपोटा की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

राजनांदगांव पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

गिरफ्तार आरोपी

  1. दिनेश चरपोटापिता – छगन चरपोटा उम्र – 36 वर्ष निवासी – गणेशीलाल का पाड़ला, चौकी माहीडेम, थाना भुंगड़ा, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान)

अन्य फरार आरोपी

हरिश उर्फ हरिया चरपोटा, परमेश उर्फ फन्टु चरपोटा, सुनील चरपोटानिवासी – जिला बांसवाड़ा, राजस्थान