निस्वार्थ परमात्म प्रेम की पालना देती है मां : आशा दीदी
भिलाई- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा भिलाई के सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में मदर्स डे हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में राजयोग सत्र के पश्चात ब्रह्माकुमारी दीदियों ने अलौकिक मातृत्व शक्ति एवं परमात्म प्रेम की निस्वार्थ पालना देने वाली राजयोगिनी आशा दीदी के प्रति स्नेह और आभार व्यक्त किया.

अपने आशीर्वचन में आशा दीदी ने कहा कि मां जीवन की पहली गुरु, सखा और शिक्षक होती है. उन्होंने कहा कि मां कभी-कभी डांटती और समझाती जरूर है, लेकिन उसका उद्देश्य सदैव कल्याणकारी होता है. मां की निस्वार्थ शिक्षाओं को जीवन में धारण करने से जीवन यात्रा सफल बनती है.
उन्होंने कहा कि यदि परिवार या समाज में कोई व्यक्ति दुखी या मायूस है, तो उसे उमंग-उत्साह, सहयोग और स्नेह देना भी सच्ची सेवा और पुण्य का कार्य है. उन्होंने सभी को सकारात्मकता फैलाने, गिरे हुए व्यक्ति को उठाने और निस्वार्थ मातृत्व भाव से समाज को जोड़ने का संदेश दिया.
आशा दीदी ने कहा कि धरती मां और प्रकृति के पांचों तत्वों की पालना का सच्चा प्रतिफल उन्हें संभालना और शांति व सकारात्मकता की किरणें चारों ओर फैलाना है. उन्होंने सभी से श्रेष्ठ संस्कार और शुभ भावनाओं के साथ सेवा करने का आह्वान किया. इस अवसर डिवाइन ग्रुप के बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
