भिलाई और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों के उपचुनाव निरस्त
दुर्ग- छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने दुर्ग जिले के भिलाई नगर पालिक निगम और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों में प्रस्तावित उपचुनाव को निरस्त कर दिया है. इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा गया था, जिसके बाद आयोग ने यह निर्णय लिया.
रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 02 रूआबांधा, वार्ड क्रमांक 39 पुरैना तथा भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 जुनवानी में पार्षदों के निधन के कारण सीटें रिक्त हुई थीं. इन वार्डों में उपचुनाव के लिए 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी, जबकि मतदान 1 जून और मतगणना 4 जून को प्रस्तावित थी.
हालांकि, दोनों नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होने वाला है और इसी वर्ष दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं. जिसे देखते हुए निर्वाचन आयोग ने चुनाव निरस्त करने का फैसला लिया.
राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के बाद दुर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीनों वार्डों के उपचुनाव निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं.

