भिलाई में अवैध प्लाटिंग पर निगम की कार्रवाई, अवैध प्लॉटिंग और बाउंड्रीवाल ढहाया
भिलाई- नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान जारी है. इसी क्रम में जोन-2, वैशाली नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की. यह कार्रवाई वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और स्थानीय नागरिकों से मिली सूचना के आधार पर की गई.
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जोन-2 के राजस्व विभाग और बेदखली टीम ने वार्ड क्रमांक 20 वैशाली नगर के बाबादीप सिंह नगर क्षेत्र में जांच की. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा खाली जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाकर प्लॉटिंग की जा रही थी. साथ ही जमीन पर मुरूम डालकर प्लॉट काटे गए थे और उन्हें बेचने की तैयारी थी. निगम की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से अवैध बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया और मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर ली.
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि बिना वैध दस्तावेजों के जमीन की खरीद-फरोख्त न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निगम को जरूर दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.
