जंगल के खाई में मिला मासूम का शव
गुमशुदगी की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह
रायगढ़- जिले के थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की से हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले अपने बच्चे के लापता होने और अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें महिला की कहानी में विरोधाभास सामने आया.
तलाशी अभियान के दौरान बच्चे का शव पास के जंगल की एक खाई में बरामद किया गया. शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए. घटनास्थल से खून के निशान और एक पत्थर भी मिला, जिससे हत्या किए जाने की आशंका की पुष्टि हुई. कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एक मां द्वारा अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर देने की यह घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि रिश्तों के सबसे पवित्र बंधन को भी शर्मसार करने वाली है.
रायगढ़ पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश : “जघन्य अपराधों पर रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही— पुलिस ने वैज्ञानिक जांच से जांच कर दोषी को कानून के कटघरे में लाया”
आरोपिया- सोनमती सरोती मझवार पति बोधसाय मंझवार उम्र 27 साल निवासी ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा
