OLX पर कैमरा खरीदने के नाम पर 2 लाख की ठगी, समस्तीपुर से 2 शातिर पकड़े गए
रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार के समस्तीपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत किया था कि 2 फरवरी 2026 को OLX के माध्यम से कैमरा खरीदने के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा संपर्क कर अलग-अलग UPI ID के माध्यम से कुल 2,00,000 की धोखाधड़ी की गई. आरोपियों द्वारा स्वयं को ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर बताकर विश्वास में लिया तथा रकम प्राप्त करने के बाद मोबाइल बंद कर दिया गया.आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 60/2026 ,धारा 318(4) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एडिशनल डीसीपी राहुल शर्मा के पर्यवेक्षण में, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना पुरानी बस्ती और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाकर मोबाइल नंबर एवं बैंक खातों की जांच ,CDR एवं तकनीकी साक्ष्य का विश्लेषण, फोन पे ट्रांजेक्शन की जांच की गई, जिससे आरोपियों की पहचान हुई. एक विशेष टीम बनाकर आरोपी गिरफ्तारी हेतु टीम बिहार रवाना किया गया, जिसके द्वारा समस्तीपुर (बिहार) जाकर दबिश दी गई एवं सूझबूझ और स्थानीय पुलिस की सहायता से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपी
- धीरज कुमार महतो, पिता – राम विलास महतो, उम्र – 38 वर्ष, निवासी – यादव टोला, मुसापुर, थाना घटहो, जिला समस्तीपुर (बिहार)
- सुबोध कुमार सिंह, पिता – कपिलदेव सिंह, उम्र – 25 वर्ष, निवासी – फतेहपुर वाला, थाना मुसरी घरारी, जिला समस्तीपुर,(बिहार)
आम जनता के लिए सलाह
- OLX/ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीद-फरोख्त करते समय सावधानी बरतें.
- अग्रिम भुगतान करने से पहले विक्रेता की सत्यता अवश्य जांचें.
- किसी अज्ञात व्यक्ति को UPI/ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर न करें.
- किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएँ.
