सगी बहनें 6 किलो गांजा और लाखों कैश के साथ गिरफ्तार, नाम बदलकर चला रहीं थीं नशे का कारोबार
बिलासपुर- बिलासपुर पुलिस ने सरकंडा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा कारोबार में शामिल दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाएं अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर विभिन्न इलाकों में गांजा सप्लाई कर रही थीं. आरोपियों के पास से 6 किलो गांजा, करीब 6 लाख नगदी कैश और वाहन समेत कुल 15.78 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. यह कार्रवाई ACCU और सरकंडा थाना पुलिस की संयुक्त रेड में की गई है.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं अवैध रूप से गांजा बेच रही हैं. सूचना के आधार पर ACCU और सरकंडा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ी गईं. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग पैकेट में कुल 06 किलो गांजा, नगदी 5,98,030 रुपये, 2 घड़ी, 2 मोबाइल, 2 स्कूटी और 1 कार जब्त किया गया. जब्त की गई सामग्रियों की कीमत 15,78,030 है.
पूछताछ में आरोपी मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी ने बताया कि उपयोग की जा रही कार उसके परिचित की है, जिसे वह अपने पास रखी हुई थी. दोनों आरोपी बहनों द्वारा गांजा बिक्री से प्राप्त रकम से स्कूटी क्रय कर परिवहन एवं बिक्री में उपयोग किया जा रहा था. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है और प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष)
सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष)
