एक क्लिक में खाली हो सकता है आपका अकाउंट!
रायपुर- e-Challan के नाम पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ठग अब SMS और WhatsApp के जरिए लोगों को फर्जी चालान लिंक भेजकर उनका बैंक अकाउंट खाली कर रहे हैं. ये मैसेज इतने असली लगते हैं कि लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं. इसी बीच रायपुर पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि फर्जी e-Challan मैसेज, वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए साइबर अपराधी तेजी से लोगों को निशाना बना रहे हैं. सावधान रहें कभी भी अनाधिकृत लिंक पर क्लिक न करें या एप्लीकेशन पर लॉग-इन ना करें . वाहन के पेंडिंग ई-चालान भुगतान हेतु हमेशा आधिकारिक website ( https://echallan.parivahan.gov.in/ ) या NextGen mParivahan App के प्लेटफॉर्म से ही अपना e-challan चेक कर भुगतान करें. अनजान नंबरों से आए संदेशों में दी गई लिंक पर भरोसा न करें और पेमेंट करने से पहले चालान को अधिकृत वेबसाईट/एप्लीकेशन पर वेरिफाई करें.
ध्यान रखें और बचत करें
अधिकृत वेबसाइट/एप्लीकेशन से चालान पेमेंट करने पर कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना पड़ता है, जबकि थर्ड पार्टी पोर्टल/एप्लिकेशन से भुगतान करने पर टैक्स का अतिरिक्त भुगतान चुकाना पड़ता है.
सुरक्षित रहने के लिए प्रमुख सावधानियां
- लिंक पर क्लिक न करें: अनजान नम्बर से आये SMS या व्हाट्सएप पर आए ‘चालान पे’ लिंक से बचें. अगर निम्नलिखित अधिकृत सेंडर आईडी से SMS आये तब ही लिंक पर क्लिक करें-
– BV-VAAHAN-G
– BT-VAAHAN-G
– BH-VAAHAN-G
– BM-VAAHAN-G
– BZ-VAAHAN-G
- आधिकारिक वेबसाइट/एप्लीकेशन: https://echallan.parivahan.gov.in/ या NextGen mParivahan app का ही उपयोग करें.
- स्पेलिंग जांचें: नकली वेबसाइटों की स्पेलिंग असली जैसी हो सकती है, ध्यान से देखें.
- ओटीपी (OTP) साझा न करें: किसी भी व्यक्ति को अपना ओटीपी न बताएं, भले ही वह खुद को अधिकारी बताए.
- फर्जी कॉल से सावधान: किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तुरंत भुगतान न करें.
क्या करें अगर आपके साथ धोखाधड़ी हो जाय ?
- साइबर हेल्पलाइन: तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.
- बैंक को सूचित करें: अपने बैंक को तुरंत सूचित करें ताकि ट्रांजैक्शन को रोका जा सके.
जनता से अपील
रायपुर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अपने मोबाइल में NextGen mParivahan App इंस्टॉल करने की अपील की है, ताकि वे सुरक्षित तरीके से e-Challan का भुगतान कर सकें और ठगी से बच सकें। इस एप्लीकेशन में अपने वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज भी डिजिटली रख सकते है.
