दर्दनाक सड़क हादसा : दो कारों की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 3 घायल, सीएम साय ने जताया दुख
कांकेर- जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-30 पर कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 के नाथिया नवागांव के पास हुआ है. कांकेर जिले के उड़कुडा का रहने वाला परिवार हादसे का शिकार हुआ है. परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए थे. चीवरांज में शादी समारोह से वापस लौटते नाथिया नवागांव के पास उनकी कार सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार कार से टकरा गई. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार एक ही परिवार के 3 महिला, 2 पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दूसरी कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. स्थानीय लोगों की जानकारी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कांकेर जिले के नाथिया नवागांव के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 लोगों के निधन के समाचार से मन अत्यंत व्यथित है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. दुर्घटना के घायलों का बेहतर उपचार किया जा रहा है. मैं सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ.
