शेयर मार्केट का लालच बना जानलेवा: करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी इंदौर से गिरफ्तार
राजनांदगांव- शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने इंदौर (म.प्र.) से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से लगभग 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की.
जानकारी के अनुसार, 17.10.2025 को कोमल साहू ने मानसिक तनाव के कारण जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली. जांच में सुसाइड नोट, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा मिले, जिससे पता चला कि मृतक पर आरोपी के कर्ज और धोखाधड़ी का दबाव था. पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में ’अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत धोखाधड़ी एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रकरण के अनुसार, मृतक कोमल साहू ने 17.10.2025 को मानसिक तनाव के चलते जहर सेवन कर लिया था, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. मर्ग जांच के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ तथा बैंक स्टेटमेंट व मोबाइल डेटा की गहन जांच की गई. विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी मो. अजीज खान ने मृतक को शेयर मार्केट में निवेश और ’तंत्र-मंत्र’ (चटिया मटिया) के माध्यम से पैसे दोगुना करने का लालच देकर लगभग 04 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी. रकम वापस न मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के कारण मृतक अत्यधिक मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया.
पुलिस कार्यवाही
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की घेराबंदी कर उसे इंदौर (मध्य प्रदेश) से 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने नकद और बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों की राशि प्राप्त करना स्वीकार किया है. आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 130/2026 धारा 318(4), 108, 3(5) बीएनएस कायम कर विधिवत गिरफ्तार किया गया एवं माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिनांक 17.04.2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है एवं प्रकरण में अन्य आरोपियों के विरूद्व प्रर्याप्त साक्ष्य प्राप्त कर विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी.
अपील
राजनांदगांव पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर शेयर मार्केट में अनाधिकृत निवेश या पैसा दोगुना करने के प्रलोभन में न आएं.
