BSP में ब्लास्ट के बाद भीषण आग: पावर प्लांट-2 में हड़कंप, कई कर्मचारी घायल
भिलाई- भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे टर्बाइन सेक्शन में अचानक ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. घटना के समय कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई. मौके पर छह से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई. दमकल कर्मियों के प्रयासों से आग पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया जा रहा है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में कुछ कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है. विभागीय सूत्रों के मुताबिक दो बीएसपी कर्मियों एवं तीन ठेका श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. कुछ घायलों को प्रारंभिक उपचार प्लांट के मेडिकल पोस्ट में दिया गया.
घटना के कारण अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं बताए गए हैं, लेकिन प्रारंभिक अनुमान तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने के कारण ब्लास्ट होने का है. विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा. घटना के पश्चात प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रबंधन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
