बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या: खून से सना कमरा और रहस्यमयी पैरों के निशान, पुलिस जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा- जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. खपरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से हत्या कर दी. मृतकों की पहचान संतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों बीती रात अपने घर में सो रहे थे, तभी हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके से होली का एक मुखौटा भी बरामद हुआ है. आशंका है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए मुखौटा पहनकर आए थे. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस वारदात को लूट या चोरी की नीयत से की गई हत्या मान रही है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.
