सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का जाल, लाखों ऐंठने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
कोरिया- जिले के पटना थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. शिकायतकर्ता आरती पटेल निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना पटना रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी संदीप सिंह सारथी निवासी टेंगनी द्वारा माह दिसंबर 2024 में छल, कपट एवं बेईमानी पूर्वक महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर उससे विभिन्न किश्तों में लगभग 2,40,000/- (तथा अन्य राशियाँ 44,000/- एवं 24,750/-) की ठगी की.
इसी प्रकार आरोपी द्वारा स्तुति पटेल एवं प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर दोनों से 1,80,000/ 1,80,000/- रुपये की धोखाधड़ी की गई. आरोपी द्वारा किसी भी प्रार्थी को नौकरी नहीं दिलाई गई तथा छलपूर्वक संपूर्ण राशि हड़प ली गई. प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम से आरोपी ने एक कार खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
उक्त संपूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजेश साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी के द्वारा संपन्न की गई.
