भिलाई स्टील प्लांट में काम के दबाव से क्रेन ऑपरेटर को ब्रेन स्ट्रोक!
भिलाई- लोकतांत्रिक इस्पात एवं इंजीनियरिंग मजदूर यूनियन (लोईमू) का एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-2 विभाग के मुख्य महाप्रबंधक एस.के. घोषाल से मिले और कनवर्टर शॉप में कार्यरत क्रेन ऑपरेटरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
यूनियन ने बताया कि मैनपावर की कमी के कारण क्रेन ऑपरेटरों की कार्य दक्षता प्रभावित हो रही है. उत्पादन और टारगेट पूरा करने का अत्यधिक दबाव कर्मचारियों पर बना रहता है, जिससे लगातार 8 घंटे काम करने के बाद भी कर्मियों में तनाव की स्थिति बनी रहती है.
इसी दबाव का गंभीर असर सामने आया, जब लगातार 6 दिन नाइट शिफ्ट करने के बाद क्रेन ऑपरेटर अभिषेक कुमार यादव को ब्रेन स्ट्रोक हुआ, जिसके कारण उन्हें पैरालिसिस अटैक आया. वर्तमान में उनका इलाज सेक्टर-9 अस्पताल में चल रहा है.
यूनियन ने मांग की कि सैंक्शन पोस्ट और मैन-इन-पोजिशन के आधार पर ही कार्यभार निर्धारित किया जाए. साथ ही कनवर्टर शॉप जैसे क्रिटिकल क्षेत्र में स्थायी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया.
इसके अलावा, अभिषेक कुमार यादव के बेहतर इलाज के लिए भी उचित कदम उठाने की मांग की गई. इस पर मुख्य महाप्रबंधक एस.के. घोषाल ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
इस दौरान यूनियन प्रतिनिधिमंडल में देवेंद्र कुमार सोनी, सुरेंद्र मोहंती और राजेश्वर कुमार साहू शामिल थे.

