नागरिक आपूर्ति निगम के एक निर्णय से चार सौ हमालों के परिवार में रोजी-रोटी का संकट
भिलाई- दुर्ग जिले के औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित गोदाम में लिए गए एक अचानक फैसले ने सैकड़ों मजदूर परिवारों की जिंदगी पर संकट खड़ा कर दिया है. हथखोज गोदाम हमाल संघ के अध्यक्ष विजय निषाद ने कहा है कि नागरिक आपूर्ति निगम के अचानक लिए गए एक निर्णय ने लगभग 400 हमालों के परिवार में रोजी- रोटी का संकट खड़ा कर दिया है. हमालों के जीविकोपार्जन औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम में कार्य करने पर निर्भर था लेकिन अब उनके पास कोई काम नहीं रह गया है. अचानक बीस साल बाद नागरिक आपूर्ति निगम ने इस वर्ष इस गोदाम से मिलरों का टैगिंग नहीं किया है, नतीजतन यहां चावल का भण्डारण नहीं होने से वहां काम कर रहे हमालों के पास कोई काम नहीं रह गया है. उनका कहना है कि नागरिक आपूर्ति निगम के अप्रत्याशित निर्णय के तहत हथखोज गोदाम में चावल जमा नहीं करने से कोई काम मिलना बंद हो गया है इससे करीब चार सौ हमालों का रोजगार छिन गया है जिससे उनके परिवार का भरण पोषण और बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में प्रश्न चिन्ह उभर आया है. लम्बे समय से यहां हमाली करने वालों को यह समझ नहीं आ रहा है कि अब आधी उम्र बीतने के बाद वे कहां जाकर काम शुरू करें.
हथखोज में छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार गृह निगम के द्वारा किराए पर लेकर नागरिक आपूर्ति निगम का चावल वर्ष 2005 से भंडारण किया जा रहा था. यह गोदाम ट्रांसपोर्ट नगर, हथखोज के बाजू में है जहां ट्रकों के आवागमन की सुविधा चौबीसों घण्टे रहती है. वहां हमाल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होने के कारण चावल की अनलोडिंग, लोडिंग एवं स्टेकिंग की सुविधा अन्य गोदामों की तुलना में काम शीघ्र होता है.
वर्ष 2025-26 में नागरिक आपूर्ति निगम के द्वारा इस वर्ष राईस मिलरों को टैगिंग नही किया गया है, जिसके कारण चावल का भण्डारण बंद है फलस्वरूप यहां कार्यरत तीन सौ से चार सौ हमाल बेरोजगार हो गए हैं. गोदाम में चावल नहीं आने के कारण हमालों का काम बंद हो गया है जिससे उनके परिवार के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न होने से भूखों मरने की नौबत आ गई है. अचानक रोजगार छिन जाने से हमाल संघ ने इसकी गुहार पत्र के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, स्थानीय विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, नान के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, मार्कफेड के चेरयमैन शशिकांत द्विवेदी, मार्कफेड के एम.डी. जितेन्द्र शुक्ला एवं नान के एम.डी से लगाई है. साथ ही उनसे निवेदन किया है कि हथखोज गोदाम में फिर से चावल का भंडारण चालू करवाया जाए जिससे उनको रोजगार मिले तथा उनके परिवार का भरण-पोषण तथा बच्चों की शिक्षा-दीक्षा हो सके.
