दूसरी शादी का विरोध करने पर सामाजिक प्रमुख ने साथियों संग की हत्या
कांकेर – जिले में 4 साल पुराने एक अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने सामाजिक विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी.
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2022 को थाना ताड़ोकी क्षेत्र के ग्राम सरंडी में सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मृत्यु पर मर्ग कायम किया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई. विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि मृतक की पहली पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अलग रह रही थी. इसी बीच मृतक द्वारा दूसरी शादी की तैयारी की जा रही थी, जिसका सामाजिक प्रमुख गंगूराम ध्रुव विरोध कर रहा था. 13.07.2022 को सामाजिक बैठक के बाद गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव एवं रजउराम ध्रुव ने आक्रोश में आकर हत्या की योजना बनाई. उसी रात लगभग 08:30 बजे तीनों आरोपियों ने मृतक के घर जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बिस्तर पर छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा पुनः जांच एवं साक्ष्य संकलन के दौरान 23 मार्च 2026 को तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध स्वीकार किया. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
गिरफ्तार आरोपी
- गंगूराम ध्रुव (39 वर्ष)
- रजउ राम ध्रुव (42 वर्ष)
- मंगूराम ध्रुव (34 वर्ष)
