कोरियर के माध्यम से अन्य राज्यों से हो रही थी कोकीन की सप्लाय
रायपुर- राजधानी में कोकीन तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को बी.पी. मशीन के नाम पर कोरियर के जरिए अन्य राज्यों से मादक पदार्थ कोकीन मंगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन, जिसकी कीमत लगभग 2,27,500 रुपये है, जब्त की गई. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और एक एप्पल आईफोन भी बरामद किया गया है. जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 20,27,500 रुपये आंकी गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना देवेन्द्रनगर क्षेत्रांतर्गत नारायणा हॉस्पिटल सेक्टर 05 के पास 01 व्यक्ति चारपहिया वाहन में अपने पास मादक पदार्थ कोकीन रखा है तथा ग्राहक की तलाश कर रहा है.
उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट, एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (A.N.T.F.) तथा थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए टीम के सदस्यों द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये चारपहिया वाहन एवं हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया. पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल निवासी रायपुर का होना बताया गया.
टीम के सदस्यों द्वारा उसके चारपहिया वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में श्री मारूती फर्म द्वारा कोरियर किया हुआ पैकेट बरामद हुआ, पैकेट के संबंध में पूछताछ करने पर कृष्ण गोपाल अग्रवाल गोलमोल जवाब देकर टीम के सदस्यों को गुमराह किया जा रहा था जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा पैकेट को चेक करने पर पैकेट बी.पी.मशीन का होना पाया गया एवं बी.पी. मशीन को चेक करने पर उसमें मादक पदार्थ कोकीन रखा होना पाया गया.
जिस पर आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 4.55 ग्राम कोकीन कीमती लगभग 2,27,500/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त 01 नग चारपहिया वाहन ग्रैण्ड विटारा क्र सीजी/04/एन एक्स/3300 तथा 01 नग आईफोन 16 जुमला कीमती लगभग 20,27,500/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 33/26 धारा 22बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया.
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर End-to-End कार्यवाही की जा रहीं है. साथ ही श्री मारूती कोरियर फर्म के ऊपर भी वैधानिक कार्यवाही की जावेगी.
गिरफ्तार आरोपी
कृष्ण गोपाल अग्रवाल निवासी विजय अग्रवाल उम्र 28 साल निवासी हाउस नं 22 सेक्टर 01 गीतांजली नगर शंकर नगर थाना खम्हारडीह रायपुर.
