हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कांकेर- दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में 18 जून 2025 को लिगभंगदरहा जंगल के पगडंडी मार्ग में मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने 9 माह बाद खुलासा कर दिया है. जांच के दौरान मृतिका की पहचान मितानिन प्रेरक जयंती मंडल, उम्र 40 वर्ष, निवासी चिखली थाना बड़गांव के रूप में हुई थी. जांच में सामने आया कि आवास योजना के पैसों के विवाद के चलते आरोपी ने पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की गंभीरता से पुनः जांच की गई. तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए. संदेह के आधार पर ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव निवासी तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन (उम्र 19 वर्ष) से पूछताछ की गई. प्रारंभ में आरोपी द्वारा गुमराह करने का प्रयास किया गया, किन्तु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
आवास योजना के पैसों के विवाद में हुई थी हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी माता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40,000 की राशि प्राप्त हुई थी, जिसका निर्माण कार्य मृतिका को सौंपा गया था. मृतिका द्वारा राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया तथा बार-बार टालमटोल किया जा रहा था. राशि वापस मांगने पर भी इंकार किए जाने से आरोपी आक्रोशित हो गया और हत्या की योजना बनाई. आरोपी ने मृतिका को 18 जून 2025 को नया निर्माण कार्य दिलाने का झांसा देकर जंगल में ले जाकर पैसे को लेकर विवाद किया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी.
गिरफ्तार आरोपी
तारकचंद विश्वकर्मा उर्फ चंदन उम्र: 19 वर्ष निवास: ग्राम सोनपाल, थाना बड़गांव, जिला कांकेर
थाना दुर्गकोंदल एवं साइबर टीम के संयुक्त प्रयास से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई गई, जिसमें थाना प्रभारी एवं टीम के अन्य अधिकारी/कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
