माँ बम्लेश्वरी मेला आस्था के केंद्र डोंगरगढ़ में सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार, 850 जवानों ने संभाला मोर्चा
राजनांदगांव- माँ बम्लेश्वरी डोंगरगढ़ मेले के लिए राजनांदगांव पुलिस ने कमर कस ली है. मेले में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 850 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की तैनाती की गई है. बुधवार को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बल को ब्रीफ करते हुए सेवा और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए.
सुरक्षा के लिए 4 जोन और 20 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
पुलिस प्रशासन ने पूरे मेला परिसर और पहुंच मार्गों को चार मुख्य जोन में विभाजित किया है, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके:
जोन-01 (पहाड़ी क्षेत्र) ऊपर मंदिर का गर्भगृह, सीढ़ियां और रोपवे क्षेत्र की सुरक्षा.
जोन-02 (निचला मंदिर) नीचे स्थित मंदिर, मेला मैदान और रेलवे स्टेशन परिसर की व्यवस्था.
जोन-03 (यातायात व पार्किंग) अंजोरा बायपास, चिचोला, बोरतलाव और तुमड़ीबोड़ से आने वाले मार्गों पर सुगम यातायात और पार्किंग प्रबंधन.
जोन-04 (कानून व्यवस्था) सामान्य शांति व्यवस्था और आपातकालीन मेला प्रबंधन.
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य मंदिर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ रखना है. श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग स्थलों (जैसे गुरुद्वारा, क्षेत्रपानी, पुराना बस स्टैंड आदि) पर विशेष बल लगाया गया है.
मेले के दौरान भीड़ का फायदा उठाने वाले बाहरी गिरोहों और संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण टीमों का गठन किया गया है. साथ ही, किसी भी आकस्मिक स्थिति या आपातकाल से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा पुलिस की ने अपील की है कि”श्रद्धालु प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र या तैनात जवान को दे.
ट्रैफिक एडवायजरी
19.03.2026 से 27.03.2026 तक चैत्र नवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है. नवरात्रि पर्व के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मॉ बम्लेश्वरी के दर्शन हेतु प्रदेश व प्रदेश के बाहर से लाखों श्रद्धालु पैदल व अन्य साधन से पहुंचते है. जो राजनांदगांव शहर के पाताल भैरवी एवं शीतला मंदिर से दर्शन करते डोंगरगढ़ पहुंचते है. नवरात्रि पर्व के दौरान पैदल यात्री मार्ग एवं वाहनों का मार्ग निर्धारण किया गया है. आम जनता को यातायात के संबंध में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसे दृष्टिगत रखते हुए सुगम यातायात संचालन हेतु यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा ट्रैफिक एडवायजरी (दिनांक 19.03.2026 से 27.03.2026 तक के लिये) जारी किया गया है. जो निम्नानुसार है-
कलेक्टर के आदेश अनुसार नवरात्रि पर्व के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश राजनांदगांव शहर में प्रतिबंधित रहेगा. बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास से, खैरागढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गठुला से एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी बायपास से डायवर्सन कर भारी वाहनों का प्रवेश नवरात्रि पर्व समाप्ति तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
नवरात्रि पर्व के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-53 में अंजोरा से ठाकुरटोला टोल प्लाजा की तरफ बायी ओर रायपुर- नागपुर मार्ग पर एवं ठाकुरटोला टोल प्लाजा से रामदरबार की ओर दाहिने तरफ पदयात्रियों के लिए आरक्षित किया गया है एवं वाहनों के आवागमन के लिए वन-वे कर सभी वाहनों को एक ही तरफ अंजोरा से ठाकुर टोला टोल प्लाजा तक दाहिने तरफ और ठाकुर टोला टोल प्लाजा से सीआईटी चौक तक बाई और विपरीत दिशा में चलाया जायेगा. पदयात्री हेतु राजनांदगांव शहर के गौरी नगर, टांकापारा मार्ग, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाऊस रोड़, बल्देव बाग रोड, बीएनसी मिल, संगम चौक तुलसीपुर, बख्तावर चाल गली, अंडरब्रिज रेल्वे क्रासिंग मोतीपुर, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव, अछोली कट से अंडर ब्रिज बधिया टोला होते हुए छीरपानी पार्किंग डोंगरगढ़ मार्ग निर्धारित किया गया है.
राजनांदगांव की ओर से आने वाले सभी छोटे वाहन कार, मोटर सायकल के दर्शनार्थी तुमड़ीबोड़ से मुरमुंदा, मुरमुंदा से बधियाटोला, या गुरुद्वारा पार्किंग नंबर 1 या बधियाटोला से क्षीरपानी पहुंचकर क्षीरपानी पार्किंग नंबर 02 में अपने वाहन पार्किंग करेंगें एवं वापस जाने के लिए मुरमुंदा एवं मुरमुंदा से उरईडबरी नेशनल हाईवे में निकल जायेगें.
नागपुर की तरफ से छोटे वाहन में आने वाले दर्शनार्थी चिचोला से लालबहादुर नगर, गाजमर्रा से गौशाला पार्किंग नंबर 6 एवं 7 में वाहन पार्किंग करेंगे.
खैंरागढ़ तरफ से आने वाले दर्शनार्थी अग्रसेन तिराहा पार्किंग नंबर 4 में या नगर पालिका पार्किंग नंबर 03 में वाहन पार्किंग करेंगें एवं उसी मार्ग से वापस जायेगें.
बोरतलाव की ओर से आने वाले दर्शनार्थी गौशाला पार्किंग में वाहन पार्किंग करेंगें एवं उसी मार्ग से वापस जायेगें.
गुरूद्वारा एवं क्षीरपानी पार्किंग के दर्शनार्थी वापस मुरमुंदा आयेगें और मुरमुंदा से उरईडबरी नेशनल हाईवे में निकलेगें. रायपुर जाने वाले दर्शनार्थी बांये एवं नागपुर की ओर जाने वाले दर्शनार्थी दाहिने तरफ जायेगें.
पदयात्री मार्ग मोतीपुर, लिटिया, सुकुलदैहान, मूसरा, बेलगांव, अछोली से आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेगें.
नोट नवरात्रि पर्व के दौरान अनावश्यक ट्रैफिक से बचने के लिए गुंडरदेही- बालोद तरफ से आने वाले वाहन चालक अर्जुंदा- सुरगी रोड होते हुए राजनांदगांव बाईपास रोड का उपयोग करेंगे एवं रायपुर दुर्ग धमधा तरफ से आने वाले वाहन चालक आवश्यकता अनुसार रसमडा नगपुरा घुमका रोड होते हुए तिलई रोड का उपयोग करेंगे और खैरागढ़ तरफ से नागपुर तरफ जाने वाले वाहन चालक खैरागढ़ से या ठेलकाडीह से मोहरा ढारा डोंगरगढ़ चिचोला होते हुए चिचोला रोड का उपयोग करेंगे
ट्रैफिक को देखते हुए ट्रक आदि मालवाहक हैवी गाड़ियां अपने रूट की प्लानिंग इस प्रकार करें की लेट रात्रि में राजनांदगांव हाईवे का प्रयोग किया जाए जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सके.
अंजोरा बाईपास से हाईवे किनारे स्थित सभी ढाबा संचालक कृपया वाहनों का पार्किंग अंदर करावे रोड किनारे अनावश्यक रूप से गाड़ी खड़ी ना करवाये यातायात नियमों का पालन करने में सहयोग करें.
