धान भिगोने की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित
रायपुर- आरंग विकासखंड के भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैक को पानी से भिगोने की शिकायत पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया है. मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसे मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
सहायक आयुक्त विनय शुक्ला के नेतृत्व में सुमित डडसेना (सहकारिता विस्तार अधिकारी) एवं अशोक साहू (सहकारिता निरीक्षक) का संयुक्त जांच दल घटनास्थल पर पहुँच कर खरीदी केंद्र में रखे धान के स्टैक, भंडारण व्यवस्था तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रहा है. साथ ही ग्रामीणों से भी जानकारी लेकर पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जाएगी.
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
