टी20 विश्व कप : भारत – पाकिस्तान के बीच कल होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
स्पोटर्स डेस्क- भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार यानी 15 फरवरी को टी20 विश्व कप 2026 का हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा. ये मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां की पिच आमतौर पर स्पिनरों के मददगार मानी जाती है. भारत के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान भी इस मामले में कम नहीं है क्योंकि उसकी टीम में अबरार अहमद और उस्मान तारिक हैं जो भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं. कुछ ही दिन पहले तक इस मैच के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे थे क्योंकि पाकिस्तान ने मुकाबले का बहिष्कार कर दिया था. हालांकि करीब एक हफ्ते तक चले प्रयासों के बाद ये मामला सुलझा और पाकिस्तान को अपना फैसला बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा. विवाद को पीछे रखते हुए अब इस मुकाबले के शुरू होने का इंतजार है.मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए अब दोनों टीमें किसी तरह की कोताही बरतना नहीं चाहेगी. भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. इसके लिए टॉस आधे घंटे पहले साढ़े छह बजे होगा.
ग्रुप ए की अंक तालिका का हाल
भारत और पाकिस्तान की टीमें ग्रुप ए में हैं और दोनों ने ही अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं. हालांकि, दोनों के नेट रन रेट में जमीन-आसमान का फर्क है. भारत चार अंक और +3.050 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है जबकि पाकिस्तान +0.932 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है. पाकिस्तान को अगर आगामी मुकाबले में भारत हरा देता है तो उसका सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा. दरअसल, पाकिस्तान ने अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है, लेकिन उसकी तैयारियों की पोल खुल चुकी है. वहीं, तीसरे स्थान पर काबिज नीदरलैंड का अगला मैच अमेरिका से है, अगर टीम यह मैच जीतती है तो चार अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी. अमेरिका और नामीबिया क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं.
