नौकरी दिलाने का झांसा देकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार, चार फरार
दुर्ग- जिले में सामुहिक दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग का पिछले 8 सालों से 6 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किया जा रहा था. नाबालिग जब 14 वर्ष की थी तब से उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था. बताया जा रहा है कि नौकरी लगाने का झांसा दिया था. इस मामले में पुलिस ने एक विभाग के दो कर्मचारी, एक होटल मैनेजर, एक ठेकदार और सांसद कार्यालय में अटैच रहे कर्मचारी सहित 6 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. महिला थाना पुलिस ने संजय पंडित, भीम नारायण पांडेय, गोविंद सिंह ठाकुर, संदीप उर्फ राजू कश्यप, विजय स्वाइन और ठेकेदार अनिल चौधरी के खिलाफ नामजद एफआईआर की.

पुलिस के मुताबिक 30 जनवरी को पीड़िता अपनी माता के साथ थाना पहुंची और लिखित आवेदन प्रस्तुत की. आवेदन में उल्लेख किया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 की अवधि के दौरान पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होते हुए भी कुल 6 आरोपियों द्वारा पीड़िता के साथ दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं की जाती रही. प्राप्त रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर धारा 65(1), 70(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6, 12 के अंतर्गत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है. विवेचना के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय स्वाइन (37 वर्ष) निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई और अनिल चौधरी (60 वर्ष) निवासी जोन 1 को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. घटना के चार फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
