स्वयं को एस.ई.सी.एल. में कलर्क बताकर झांसे में लिया था
रायपुर- नौकरी लगाने का झांसा देकर 5 लाख 38 हजार रूपए की ठगी करने वाले मुकेश कुमार साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसने स्वयं को एस.ई.सी.एल. में कलर्क के पद पर पदस्थ होना बताकर प्रार्थिया को झांसे में लिया था.
आजाद चौक रायपुर निवासी ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि माह सितम्बर वर्ष 2024 में उसे मुकेश कुमार साहू नामक व्यक्ति का ऑनलाईन विवाह का प्रस्ताव आया तथा दोनों के मध्य विवाह का बात चल रहा था. मुकेश कुमार साहू ने स्वयं को एस.ई.सी.एल. में कलर्क के पद पर कार्यरत होना बताया. इसी दौरान मुकेश कुमार साहू ने प्रार्थिया को अपने झांसे में लेते हुये उसकी नौकरी लगाने के नाम पर अलग – अलग किश्तों में कुल 5,38,000/- रूपये प्राप्त कर प्रार्थिया का नौकरी नहीं लगाया और ना ही उसका पैसा वापस दिया तथा अपने मोबाईल नंबर को बंद कर दिया. प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 72/25 धारा 318(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी की जा रहीं थी. जिस मोबाईल नंबर से प्रार्थिया के मोबाईल फोन पर कॉल आया था, उस मोबाईल नंबर सहित उससे संबंधित अन्य नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही प्रार्थिया द्वारा जिन बैंक खाता में पैसे ट्रांसफर किये गये थे उन बैंक खाता की भी जानकारी एकत्र कर आरोपी को लगातार लोकेट करने के प्रयास किये जा रहे थे.
इसी दौरान समस्त तथ्यों का विश्लेषण कर आरोपी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी को लोकेट करने में सफलता प्राप्त हुई. जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी मुकेश कुमार साहू को पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपी द्वारा प्रार्थिया के साथ ठगी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया. आरोपी मुकेश कुमार साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित नगदी रकम 25,000/- रूपये एवं 02 नग मोबाईल फोन जप्त कर कार्यवाही किया गया.
गिरफ्तार आरोपी – मुकेश कुमार साहू पिता स्व. रतिराम साहू उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम थेंगू थाना कोरबा जिला कोरबा. हाल पता – किलेपाल थाना कोडेनाल जिला जगदलपुर छत्तीसगढ़.
