जेवर शुद्धिकरण के बहाने 70 वर्षीय महिला से ठगी, अंतरराज्यीय ठग गिरोह के 4 सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर- पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरोह ने 18 अप्रैल 2025 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला से को निशाना बनाकर जेवर शुद्धिकरण के बहाने ठगी की और ठगों ने सोने के जेवर उतरवाकर कागज के बंडल से बदल दिया और महिला को रवाना कर दिया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 2 नग सोने की चूड़ी, 02 नग सोने की चैन,नगदी राशि 10,000 हजार कुल बरामदगी कीमत लगभग 5 लाख बरामद की है.
महिला ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) ने तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. एसीसीयू (सायबर सेल) और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित. शहर और अन्य जिलों के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. फुटेज से संदिग्धों की पहचान कर आवागमन का विवरण निकाला गया. तकनीकी इनपुट (लोकेशन ट्रेसिंग, मोबाइल सर्विलांस) के आधार पर संदिग्धों का पता लगाया गया. आरोपी दिल्ली और उज्जैन (म.प्र.) में लोकेट किए गए. पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई, फिर उज्जैन जाकर आरोपियों को हिरासत में लिया गया. गिरफ्तारी के बाद दिल्ली लाकर संपत्ति बरामदगी की कार्रवाई की गई. पूछताछ में आरोपियों ने थाना गोलबाजार, रायपुर में भी इसी तरह की ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. रायपुर में चोरी गए जेवरातों की कीमत लगभग 24,950 है. पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा संपूर्ण टीम की सराहना करते हुए टीम के उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार की घोषणा की है.
गिरफ्तार आरोपी
• मनोज सोलंकी (42 वर्ष)
• शांति देवी (39 वर्ष)
• विजय सोलंकी (28 वर्ष)
• सीमा सोलंकी (24 वर्ष) (सभी निवासी दिल्ली)
