पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 16 माओवादियों ढेर, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
सुकमा- नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा के गोगंडा पहाड़ी के उपमपल्ली इलाके में आज सुबह से पुलिस-नक्सली मुठभेड़ जारी है. जहां डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों ने अब तक 16 माओवादियों के शव बरामद किए हैं. इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है, जिसमें AK-47, SLR, INSAS राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लांचर और बीजीएल लांचर शामिल हैं. वहीं 4 जवान घायल होने की खबर है. घायल जवानों को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा जा रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2025 को जिला सुकमा के थाना केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर DRG सुकमा और CRPF की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी. अभियान के दौरान 29 मार्च 2025 को सुबह 8 बजे से माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग जारी रही. इलाके में सुरक्षा बलों के जवान लगातार सर्चिंग कर रहे हैं. मारे गए माओवादियों की संख्या अभी और भी बढ़ने की संभावना है.
https://x.com/vishnudsai/status/1905880422250336606
नक्सलवाद के नासूर को खत्म करने की दिशा में छत्तीसगढ़ के बढ़ते कदम: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया x में पोस्ट कर जवानों को मिली कामयाबी की सराहना की. उन्होंने कहा कि सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ आज जारी मुठभेड़ में अब तक 16 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है. मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान के घायल होने की खबर है. ईश्वर से शीघ्रातिशीघ्र उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ. मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसको जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं. निश्चित ही जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप हमारा छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. निश्चित ही उनके कुशल नेतृत्व में देश-प्रदेश को वामपंथी उग्रवाद से जल्द ही मुक्ति मिलेगी.
https://x.com/AmitShah/status/1905859851710030058
सुकमा एनकाउंटर पर अमित शाह का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा
नक्सलवाद पर एक और प्रहार!
हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को मार गिराया है और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं. हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता; केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है.
