अज्ञात अधजली महिला की हत्या के मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, जानें क्यों दिया वारदात को अंजाम
कोरबा- पाली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात अधजली महिला की हत्या का रहस्य पुलिस ने खुलासा किया है. इस निर्मम हत्या को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था. आरोपी ने अपने ड्राइवर के साथ मिलकर महिला की हत्या करने के बाद शव को बगदरा जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया था. जांच के दौरान पुलिस ने इस हत्याकांड में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक – CG 12 AG 9226) को जप्त कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रंगोले गांव का रहने वाला मिलन दास महंत (46) और रंगोले गांव का ही रहने वाला सावन यादव (30) शामिल है.
मामले का संक्षिप्त विवरण
दरअसल 3 मार्च 2025 को प्रार्थी परदेशी दास निवासी बगदरा, थाना पाली ने सूचना दी कि वह अपने पुत्र के साथ लकड़ी लेने गिधराईलमाड़ा पहाड़ किनारे गया था, जहां एक अज्ञात महिला का अधजला शव पड़ा हुआ था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग क्रमांक – 19/2025 धारा 194 BNS दर्ज कर जांच प्रारंभ की.
जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान शशिकला पुलस्त, निवासी ग्राम लाद, थाना कोरबी के रूप में हुई. मृतका के भाई अशोक ने शव के अवशेषों में पहनी गई अंगूठी और ब्रेसलेट से उसकी पहचान की. पूछताछ में पता चला कि शशिकला वर्ष 2018 से आरोपी मिलन दास महंत (जो हाई स्कूल शिक्षक है) के साथ रह रही थी.
हत्या की साजिश एवं वारदात
मृतका शशिकला आरोपी मिलन दास से लगातार पैसों की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या की साजिश रची. 28 फरवरी 2025 की रात करीब 11-12 बजे आरोपी मिलन दास और उसका ड्राइवर सावन यादव ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. शव को ठिकाने लगाने के लिए स्कॉर्पियो वाहन (CG 12 AG 9226) में डालकर बगदरा जंगल ले गए और पेट्रोल डालकर जला दिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी
मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने नंदलाल होटल, पाली के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया. उनके बताए अनुसार, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया गया.
मामले की त्वरित जांच एवं खुलासा
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर, साइबर प्रभारी रविंद्र कुमार मीणा तथा एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई.
