दीपावली के खर्च और पार्टी के लिए की चोरी
राजनांदगांव- जिले मेंआरपीएफ की टीम कड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात रेलवे सिग्नल के केबल की चोरी करने वाले दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी की केबल बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव आरपीएफ को सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष नागपुर से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पश्चिमी यार्ड में सिग्नल फेल होने की सूचना मिली. जिसके बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपूर दीपचंद आर्य के दिशा निर्देशन पर राजनांदगांव RPF की टीम प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुंची. इस दौरान मौके पर सिग्नल विभाग के एसएसई हीरालाल और उनके अधीनस्थ मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान पता चला कि राजनांदगांव पश्चिमी यार्ड के सभी सिग्नल फेल हैं और सिग्नल की चार नग 30 कोर, कुल 36 मीटर केबल काटकर चोरी की गई है. इस दौरान घटनास्थल के पास बीएनसी मिल लाइन साइड की झाड़ियों में चेकिंग के दौरान दो युवकों को आरपीएफ की टीम को देखकर भागते हुए देखा गया. इसके बाद आरपीएफ की टीम ने उन्हें घेराबंदी कर धर दबोचा. पूछताछ में दोनो ने बताया कि वे दीपावली के खर्च और पार्टी के लिए रेलवे की केबल काटकर जलाने की योजना बना रहे थे. आरोपियों के खिलाफ धारा 3(अ) रेलवे अवैध कब्जा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर मंगलवार को न्यायिक कार्यवाही के लिए रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां वारंट मिलने पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
इस कार्रवाई में आरपीएफ उप निरीक्षक के. प्रसाद, आरक्षक राहुल घाहरे, आरक्षक प्रमोद यादव, और आरक्षक राजेंद्र रायकवाड़ की भी विशेष भूमिका रही.
