
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा, तैयारियों के संबंध में राजभवन में हुई बैठक
रायपुर- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी. इस दौरान वे प्रदेश में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास के मद्देनजर राज्यपाल रमेन डेका के निर्देशानुसार आज यहां राजभवन में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार ने बैठक लेकर सभी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना सुनिश्चित करें.
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 25 और 26 अक्टूबर को एम्स रायपुर, एन. आई. टी. रायपुर, आई. आई. टी. भिलाई और पं. दीनदयाल स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान आयुष विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. सचिव यशवंत कुमार ने इस दौरान सभी शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. इसके अलावा रायपुर एवं दुर्ग जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, राज्य प्रोटोकॉल के अधिकारियों को भी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये गये.
इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
राष्ट्रपति के दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
25 अक्टूबर 2024 (पहला दिन)
सुबह 11 बजे: राष्ट्रपति का रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन.
सुबह 11:30 बजे: रायपुर एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.
दोपहर 1 बजे: एम्स से रवाना होकर राजभवन पहुंचेंगी.
दोपहर 3 बजे: NIT रायपुर के 14वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी.
शाम 4:30 बजे: नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में स्थानीय आदिवासियों से मुलाकात.
शाम 6 बजे: राजभवन लौटेंगी और रात्रि विश्राम करेंगी.
26 अक्टूबर 2024 (दूसरा दिन):
सुबह 9 बजे: विवेकानंद सरोवर, रायपुर का दौरा.
सुबह 10 बजे: रायपुर एयरपोर्ट से भिलाई के लिए प्रस्थान.
सुबह 11 बजे: IIT भिलाई के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी.
दोपहर 1:30 बजे: भिलाई से वापस रायपुर स्थित राजभवन लौटेंगी.
दोपहर 3:30 बजे: पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति चिकित्सा एवं आयुष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी.
शाम 5 बजे: दीक्षांत समारोह के बाद दिल्ली के लिए रायपुर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगी.