गजब का फर्जीवाड़ा: SBI के नाम से खोल दिया बैंक शाखा , हुआ भांडाफोड़
सक्ती- जिले से अनोखा मामला सामने आया है जहां भारतीय स्टेट बैंक की फर्जी शाखा खोलकर आधा दर्जन को नौकरी देने का मामला सामने आया है. इस मामले की शिकायत पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है. मामला मालखरौदा थाना के ग्राम छापोरा का है.
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के मालखरौदा थाना के ग्राम छापोरा का है, जहां (SBI) स्टेट बैंक का फर्जी शाखा खुला है. इसकी जानकारी स्टेट बैंक के अधिकारियों को नहीं है. स्टेट बैंक के अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी. मौके पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम पहुंची और जांच की, जिसमें यह शाखा फर्जी निकली.
एसबीआई के अधिकारियों की शिकायत थी कि स्टेट बैंक का बड़ा बैनर लगाकर बैंक का सेटअप लगाया गया है. जब जांच टीम मौके पर पहुंची तो कथित बैंक मैनेजर फरार था. शाखा में 6 कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि पत्र एवं इंटरव्यू के माध्यम से उनको एप्वॉइंट किया गया था. इस शाखा में एम्पलाई को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था. उनको बाद में अन्य स्थान में पोस्टिंग करने की बात कही गई थी. इस मामले में पुलिस की टीम स्टेट बैंक की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
