जांच दल दो दिनों के अंदर सौंपेगी अपनी रिपोर्ट
उत्तर बस्तर कांकेर- जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड के कन्या आवासीय विद्यालय छोटेबेठिया में हॉस्टल में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा गर्भवती हो गई. 16 साल की छात्रा जिले के एक गांव में कन्या आवासीय विद्यालय में पढ़ती है. वहीं छात्रावास की अधीक्षिका को जब छात्रा के गर्भवती होने की बात पता चली तो उसे घर भेज दिया, जहां उसका गर्भपात करा दिया गया.
छात्रा कब गर्भवती हुई इसकी सही जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है. गर्भवती होने के कुछ दिनों तक छात्रा वहीं रह रही थी. अप्रैल महीने में जब गर्भ बढ़ा तब इसका पता वार्डन को लगा इसके बाद वार्डन ने तत्काल उसे परिजनों के पास भेज दिया. परिजनों ने जिले से बाहर ले जाकर उसका गर्भपात भी करा दिया. गांव स्तर पर अबॉर्शन की चर्चा अप्रैल से ही होती रही. वहीं ग्रामीणों ने इसकी शिकायत शुक्रवार (12 जुलाई) को विधायक विक्रम उसेंडी से की तब मामला उजागर हुआ. इस मामले में अब छात्रावास अधीक्षिका को कलेक्टर ने निलंबित कर दिया है. साथ ही जांच दल का भी गठन किया है.
घटना की जांच के लिए टीम गठित
कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर द्वारा कोयलीबेड़ा विकासखंड के कन्या आवासीय विद्यालय छोटेबेठिया की घटना की जांच हेतु पखांजुर एस.डी.एम. अंजोर सिंह पैकरा की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया गया है. जांच टीम में जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा सीईओ घनश्याम जांगड़े, पखांजुर बीएमओ डॉ. डी. के. सिन्हा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य हेमेंदनी सरकार, और शासकीय हाई स्कूल पी. व्ही.32 की प्राचार्य अमिता दास शामिल हैं. उक्त जांच दल को दो दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है.
