पूर्व विधायक के बंगले में चली गोली, प्रधान आरक्षक की मौत, असिस्टेंट प्लाटून कमांडर घायल
रायपुर- दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा के रायपुर के सिविल लाइन स्थित सरकारी बंगले में गोली चलने से प्रधान आरक्षक अजय सिंह की मौत हो गई है. वहीं, एक जवान घायल हो गया है. उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच जारी है. फिलहाल घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक घटना आज सुबह करीबन 7-8 बजे के बीच देवती कर्मा के सिविल लाइन के बंगले में आशीष कर्मा के सुरक्षा में लगे हुए वीआईपी सुरक्षा कंपनी के APC राम कुमार दोहरे एवं प्रधान आरक्षक अजय सिंह पुलिस बैरेक में अपने हथियारों की नियमित सफ़ाई कर रहे थे. उसी दौरान पिस्टल से गोली चली जिससे APC के हथेली को पार कर प्रधान आरक्षक अजय सिंह के दाहिने सीने में लगी. जिससे प्रधान आरक्षक अजय सिंह की मेकाहारा अस्पताल में मृत्यु हो गई है एवं APC राम कुमार दोहरे का इलाज कराया जा रहा है. मृतक बिजुरी के रहने वाले हैं और घायल भिंड से है. प्रथमतया, मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का प्रतीत हो रहा है. मामले में जांच किया जा रहा है.
